
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों को एक बार फिर दोहराया है। उन्होंने कहा है कि नए भारत के निर्माण एवं देश को आगे बढ़ाने के लिए नरेंद्र मोदी के हाथ को मजबूत करना जरूरी है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बन गया है। देश-दुनिया में उन्होंने भारत का नाम रोशन किया है। उन्होंने 90 के दशक के जंगल राज को याद दिलाते हुए कहा कि बिहार में एक समय ऐसा भी था जब कानून का राज खत्म हो चुका था।
मैंने बिहार के करोड़ों लोगों को जंगल राज से मुक्ति दिलाते हुए कानून का राज स्थापित किया है। सीएम नीतीश रंगरा प्रखंड के संत विनोबा उच्च विद्यालय तीनटंगा दियारा में चनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
महिला सशक्तीकरण पर बोलते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि विश्व बैंक से पांच सौ करोड़ ऋण लेकर स्वयं सहायता समूह के जरिए उत्थान एवं विकास का कार्य किया गया।
नीतीश कुमार ने कहा कि महिलाओं के लिए शिक्षा का अवसर प्रदान किया गया। लड़कियों की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए छात्रवृत्ति, पोशाक एवं साइकिल जैसे महत्वाकांक्षी योजना चलाई गई। आज लाखों छात्राएं इससे लाभान्वित हो रहीं हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि हम लोग पिछड़े एवं अति पिछड़ा के लिए हमेशा काम करते आए हैं। आगे भी काम करते रहेंगे। पिछले दिनों लगभग पांच लाख लोगों क
ो सरकारी नौकरी दी गई, जबकि इसका क्रेडिट लेने के लिए कई लोग प्रयास कर रहे हैं। मगर काम तो हमने ही किया है।
दो बार गड़बड़ हो गई…: नीतीश कुमार
आगे नीतीश कुमार ने कहा कि दो बार हमसे गलती हो गई। इसके चलते सब गड़बड़ हो गया। अब कभी गलती नहीं होगी। हमेशा के लिए हम एनडीए में आ गए हैं। कहीं नहीं जाएंगे। जब हम महागठबंधन के साथ थे तो हम विकास कार्य में लगे हुए थे और कुछ लोग पैसा कमाने में लगे हुए थे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इस बार के लोकसभा चुनाव में विधायक गोपाल मंडल की भी इच्छा थी कि उन्हें भी टिकट मिले, लेकिन मैंने कहा कि इस बार रुक जाइए, अगली बार देखेंगे।
इस बार पार्टी ने अजय मंडल को फिर से अपना उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने मंच पर मौजूद इशारा करते हुए कहा कि गोपाल मंडल भी थोड़ा बहुत इधर-उधर हो जाते हैं। उन्होंने स्थिर रहने की बात कही और कहा की बोलिए गोपाल जी पूरी तरह से अजय मंडल को मदद करेंगे न।
गोपाल मंडल ने हाथ उठाते हुए भरपूर मदद करने का भरोसा दिलाया और अंत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए समर्थित उम्मीदवार अजय मंडल को भारी मतों से विजयी बनाने की लोगों से अपील की। इस दौरान राज्यसभा सांसद संजय झा एवं शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने भी जनसभा को संबोधित किया।
इस दौरान राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, विधायक गोपाल मंडल व ई. शैंलेंद्र, पूर्व राज्यसभा सांसद कहकशां परवीन, पूर्व सांसद बूलो मंडल, पूर्व सांसद अनिल यादव, पीरपैंती के भाजपा विधायक ललन पासवान, जदयू जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद मंडल, भाजपा नेता गुलाबी सिंह मौजूद थे।